सिद्धार्थनगर। नौगढ़-शोहरतगढ़ मार्ग पर पतसिया भट्ठे के पास गुरुवार की सुबह बेकाबू कार ने बाइक सवार शिक्षक को कुचल दिया। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़कर जोगिया कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताते हैं कि टक्कर के बाद सड़क पर गिरते ही शिक्षक का हेलमेट टूट गया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।
नगर पालिका क्षेत्र के शिवाजीनगर वार्ड निवासी राधेश्याम का पुत्र रवि उर्फ विवेक वरुण (26) बेलवा महादेवा प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में सहायक अध्यापक के पद कार्यरत था। रोज की तरह वह गुरुवार की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए अपनी बाइक से निकला। नौगढ़-शोहरतगढ़ मार्ग पर जोगिया कोतवाली अंतर्गत पतसिया ईंट-भट्ठे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे शिक्षक को कुचलते हुए कार आगे निकल गई। आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। आनन-फानन में शिक्षक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जोगिया कोतवाली प्रभारी रवींद्र कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।