सिद्धार्थनगर। बांसी तहसील में तैनात एक लेखपाल पर संतकबीरनगर की रहने वाली महिला ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि लेखपाल पिछले तीन साल से उसका शोषण करता रहा है। पीड़िता ने राज्य महिला आयोग से शिकायत कर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आयोग के निर्देश पर डीएम ने एसपी को मामले की जांच करने को कहा है।
राज्य महिला आयोग को भेजे पत्र में महिला ने कहा है कि वह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। बीच-बीच में घर आती रहती थी। एक बार दिल्ली से घर आते समय फैजाबाद बस स्टेशन पर उसकी एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। उसने खुद को लेखपाल बताया और बांसी तहसील में तैनात होने की बात कही। लेखपाल से बाद में भी उसकी कई बार बातचीत हुई। इसी क्रम में उसने सरकारी नौकरी दिलाने की बात कही और इसके लिए रुपये की मांग करने लगा। महिला का कहना है कि उसने गहने व रिश्तेदार से मांगकर कुछ रुपये लेखपाल को दे दिए। उसने फार्म भरवाया और उच्चाधिकारियों से बात कर नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। इसी दौरान उसने नौकरी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिया और तीन साल तक शोषण करता रहा।
महिला का कहना है कि लेखपाल के कुछ साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया है। लोकलाज के डर से उसने इस बारे में किसी को नहीं बताया, लेकिन जब उसने विरोध शुरू किया तो लेखपाल उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला के अनुसार लेखपाल वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने डीएम को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने का निर्देश दिया। इस संबंध में डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि पत्र आया था। मामले की जांच के लिए एसपी को पत्र भेजा गया है।