डुमरियागंज। घर से राप्ती नदी के किनारे सटे पोखरे में नहाने गए एक मासूम की डूबने से मौत हो गई। उसे डूबते देख वहां मौजूद अन्य लड़कों ने इसकी सूचना राहगीरों को दी। इसके बाद गोताखोर पहुंचकर मासूम की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद मासूम की लाश मिली। परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
बुधवार को भवानीगंज थाना के भड़रिया गांव निवासी जमील का सात वर्षीय बेटा मुसाहिद बगल के टोला गजनीजोत स्थित राप्ती नदी से सटे पोखरे में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। इससे वह डूबने लगा। घटना की जानकारी पर मुसाहिद के परिजन और गांव के लोग पोखरे की तरफ दौड़ पड़े। जब तक लोग वहां पहुंचते तब तक मुसाहिद गहरे पानी में डूब चुका था। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने जाल डालकर उसकी लाश को बाहर निकाला। भावानीगंज थानाध्यक्ष रमाकांत सरोज ने बताया कि विधिक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।