नौगढ़ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जम्मू-कश्मीर में बैठे लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आंतकी अबू शेख द्वारा रेलवे स्टेशन व भीड़भाड़ वाले इलाके में बम ब्लास्ट की धमकी दिए जाने के बाद जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने जिला पुलिस को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग करने को कहा है। निर्देश मिलते ही एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बुधवार की शाम नौगढ़ रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बेवजह स्टेशन परिसर में घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। उनका पहचान पत्र देखा गया और डायरी में नाम नोट किया गया। सीमावर्ती थानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले की 68 किलोमीटर लंबी सीमा नेपाल से लगती है। यहां कई बार आतंकी संगठन से जुड़े लोग पकड़े जा चुके हैं। सुरक्षा की दृष्टि से जिला संवेदनशील भी है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अबू शेख ने 6 से 8 जून के बीच यूपी के प्रतिष्ठित स्थानों और रेलवे स्टेशनों पर बम बलास्ट की धमकी दी है। केंद्रीय खुफिया एजेंसी से इनपुट जारी होने के बाद एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने अलर्ट जारी कर दिया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा कड़ी करने को कहा गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह पुलिस टीम के साथ नौगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म पर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्धों से पूछताछ की। स्टेशन के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया। इस दौरान एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह, एसआई जितेंद्र कुमार मिश्र, एसआई चंद्रकांत तिवारी, पीआरओ आलोक कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।