शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित लोहटी गांव के पास पुलिस-एसएसबी की संयुक्त टीम ने 591 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया तस्कर नेपाल के कपिलवस्तु जिले का निवासी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया गया है।
शोहरतगढ़ थाना के प्रभारी एसओ जुबेर अली व 43 वीं वाहिनी एसएसबी के बीओपी लोहटी के हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार मंगलवार की रात बार्डर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर लोहटी गांव के पास घेरेबंदी कर नेपाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 591 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर की पहचान लक्ष्मण यादव पुत्र कौलेशर निवासी ग्राम करमा कृष्णानगर कपिलवस्तु नेपाल के रुप में हुई। इस संबंध में प्रभारी एसओ जुबेर अली ने बताया कि तस्कर को एनडीपीएस एक्ट में चालान कर जेल भेज दिया गया। बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत एक करोड़ 18 लाख 40 हजार रुपये बताई गई। पुलिस टीम में एसआई अजय सिंह, कांस्टेबल जयसिंह चौरसिया, गट्टू पांडेय, राघवेंद्र प्रताप यादव, एसएसबी के विकास कुमार, नेजेस पतेनप्पन, राजेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।