बिछवां (मैनपुरी)। घर में मौजूद लोगों सोते रहे और चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लोग जब सुबह जागे तब चोरी की जानकारी हुई। थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव देवंगज निवासी प्रेमवीर शर्मा मंगलवार रात को घर के एक कमरे में परिवारीजनों के साथ सो रहे थे। रात को चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। एक कमरे का ताला तोड़ कर अंदर दाखिल हो गए।
बक्सों व अलमारी को तोड़ कर उसमें रखी चांदी की पांच जोड़ी तोड़ियां, सोने की चार अंगूठी, तीन जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी झुमकी चुरा लीं। चोर अलमारी में रखी करीब 20 हजार रुपये नगदी भी चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह जागने पर प्रेमवीर को चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।