भारतीय करेंसी के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बढ़नी। एसएसबी 50वीं वाहिनी के जवानों ने मंगलवार को नेपाल सीमा से आ रही एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक लाख 92 हजार रुपये की भारतीय करेंसी बरामद की गई। बरामद करेंसी सहित महिला को कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार एसएसबी 50वीं वाहिनी के जवान मंगलवार की सुबह गश्त पर थे। इस बीच नेपाल से आते हुए महिला दिखी। जवानों ने रोक कर उसके झोले की तलाशी ली तो उसमें 94 नोट दो-दो हजार रुपये और आठ नोट 500-500 सौ रुपये के मिले। महिला की पहचान नेपाल के बुटवल निवासी राधिका पौंडवाल के रूप में हुई। पूछताछ के बाद महिला को बढ़नी कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसबी के मुताबिक महिला बुटवल से पंजाब के लुधियाना भारतीय रुपये लेकर जा रही थी। उसके पास बरामद भारतीय करेंसी से संबंधित कोई कोई कागजात नहीं थे। इसलिए यह कार्रवाई की गई। महिला ने बताया कि उसके पति शिवबालक लुधियाना के गुरप्रीत नगर में रहते हैं। वह रुपये घर बनवाने के लिए ले जा रही थी। उधर, एसएसबी ने एक युवक को कलडिहवा के पास पकड़ा है। उसके पास से शर्ट, अंडर गारमेंट्स व लेडीज शूट बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान युवक सामानों से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस पर जवानों ने उसे पकड़कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया युवक सुरेंद्र निवासी बलजीत नगर सेंट्रल दिल्ली का है। वह दिल्ली से सामान लेकर हमसफर एक्सप्रेस से बढ़नी पहुंचा था।