सिद्धार्थनगर। दुष्कर्म के आरोपों से घिरे चिकित्सक ने आरोप लगाने वाली नर्स के खिलाफ भदोही जिले में केस दर्ज कराया था। नर्स के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। अब उस मामले की जांच भदोही की जगह सिद्धार्थनगर थाने की सदर पुलिस करेगी।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. राजीव रंजन पर एक युवती ने खुद को नर्स बताते हुए शादी का झांसा देकर दो माह तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। न्यायालय में वाद दाखिल करके केस दर्ज कराने की अपील की थी। मामले में न्यायालय के आदेश पर सदर पुलिस ने तीन दिन पूर्व चिकित्सक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। वहीं, चिकित्सक द्वारा आरोप लगाने वाली नर्स के खिलाफ भदोही जिले के चौरी थाने में सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य आरोप में केस दर्ज कराया गया था।
मुकदमे की विवेचना के लिए वहां से केस को स्थानांतरित कर सिद्धार्थनगर पुलिस से विवेचना कराने की गुहार डॉक्टर ने लगाई थी। इसके बाद भदोही में दर्ज मुकदमे की जांच के लिए सदर थाने की पुलिस को निर्देशित हुआ। मामले की जांच अब सदर थाने की पुलिस की करेगी। दोनों मुकदमे की जांच की जिम्मेदारी सदर पुलिस को मिली है। एसओ सदर डीसी चौधरी ने बताया कि भदोही में दर्ज मुकदमे की जांच मिली है। जांच शुरू कर दी गई है।