इटवा। महादेव गांव में जमीन विवाद में बृहस्पतिवार दोपहर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायलों को इटवा सीएचसी ले जाया गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के महादेव गांव में बैतुल्लाह व फैजुल्लाह के बीच एक अरसे से जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। बीच- बचाव करने आए अब्दुल रब (55) को एक पक्ष ने विरोधी गुट का समझकर मारने लगा। पिता अब्दुल रब को पिटते देख दोनों बेटे अब्दुल नूर (28) व अब्दुल रकीब (33) बीच-बचाव करने आ गए। मारपीट में आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं।
घायलावस्था में सभी को इटवा सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर देख अब्दुल रब व अब्दुल नूर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष गोपाल स्वरूप बाजपेयी का कहना है कि मामले की जानकारी है। मगर अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।