डुमरियागंज। एसडीएम ने शुक्रवार को मतदाता पुनरीक्षण अभियान का अभिलेख नहीं जमा करने पर तीन महिला बीएलओ वंदना, निर्देश देवी व शीला त्रिपाठी के खिलाफ कदम उठाते हुए मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने निर्देश में कहा है कि निर्वाचन आयोग ने 27 दिसंबर से 31 जनवरी तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया था। प्रत्येक बूथ पर बीएलओ व सुपरवाइजर तैनात किए गए। एक जनवरी 2018 तक 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले मतदाताओं के नाम को जोड़ना था। गड़बड़ी दूर कर सुपरवाइजर व बीएलओ को 8 फरवरी तक अभिलेख जमा करने का निर्देश दिया गया था। विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 48 प्राथमिक विद्यालय बिलवट में तैनात बीएलओ वंदना, बूथ संख्या 55 प्राथमिक विद्यालय सरोथर कठौतिया की बीएलओ निर्देश देवी व बूथ संख्या 56 की बीएलओ शीला त्रिपाठी ने पुनरीक्षण संबंधित अभिलेख जमा नहीं किया।
तहसील कर्मचारियों ने कई बार उनके फोन पर संपर्क कर कागजात जमा करने के लिए कहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सुपरवाइजर व रजिस्टार कानूनगो की रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने संबंधित बीएलओ के खिलाफ एसओ को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। इस संबंध में एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में अभिलेख जमा करने के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई। लापरवाही बरतने के आरोप में तीन बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश जारी किया गया है।