सिद्धार्थनगर/उसका बाजार। ढेबरूआ और उसका बाजार क्षेत्र में पुलिस ने छापा मार कर 190 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ढेबरुआ प्रतिनिधि के अनुसार, पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में अवैध शराब के ठिकानों पर छापा मारा। मौके से 10 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। आरोप में तीन लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। साथ ही भारी मात्रा में लहन व शराब बनाने वाले उपकरण नष्ट किए। सीओ शोहरतगढ़ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि कठेला चौकी पुलिस को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। चौकी प्रभारी कठेला राजकुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के मलहिया धर्मकांटा में अवैध कच्ची शराब के लिए दबिश दी। इस दौरान सूर्यलाल, त्रिभुवन निवासी बैरिया खालसा टोला खालसा थाना ढेबरुआ के कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। साथ ही भारी मात्रा में शराब बनाने वाले उपकरण नष्ट किया गया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सिपाही रामकुमार पासवान, दुर्गेश तिवारी, रामेश्वर यादव आदि शामिल रहे।
उसका बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए पनियहवा और चौबाहेघाट में छापा मारकर पुलिस ने 180 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। आरोप में पनियहवा निवासी महिला सुशीला साहनी के पास से 90 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही भठ्ठी और शराब बनाने का उपकरण भी बरामद हुआ। चौबाहेघाट निवासी भोला साहनी के पास से भी 90 लीटर कच्ची शराब और दस क्विंटल लहन मिला। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई में एसओ रवींद्र सिंह, रणंजय सिंह, रामदयाल, दीनानाथ, सत्यप्रकाश, शिवजी, गणेश सिंह, इरफान और रोशनी यादव मौजूद रहे।