इटवा। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के मटेसर नानकार गांव में बुधवार की सुबह सफाई के दौरान बोरिंग का पाइप हाईवोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे किसान करंट की चपेट में आकर झुलस गया और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि धान की रोपाई करने के लिए वह पानी चलाने का प्रयास कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को घर लेकर चले गए। वहीं इटवा थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में बाइक की चपेट में आने से वृद्ध किसान की मौत हो गई।
क्षेत्र के मटेसर नानकार गांव निवासी किसान अनवर (42) पुत्र मोहम्मद बाबर बुधवार को खरीफ फसल की तैयारी के क्रम में खेत में पानी भरने के लिए खेत गया था। बताया जा रहा है कि पाइप के अंदर कुछ फंसा होने से पानी नहीं निकल रहा था, तभी पानी न निकलने से परेशान अनवर ने बोरिंग की पाइप में नल की पाइप डालकर साफ करने लगा, तभी पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की संपर्क में आ गया। इससे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष गोल्हौरा राज कुमार यादव का कहना है कि इस बारे में न तो तहरीर मिली है और न ही कोई जानकारी मिली है। वहीं हादसे की जानकारी के बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे ने घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इस संबंध में तहसीलदार राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जानकारी मिली है, बृहस्पतिवार को टीम किसान के घर भेजकर यथा संभव सहायता दिलाई जाएगी।
इटवा प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र के इटवा-बढनी मार्ग पर स्थित संग्रामपुर गांव के पास बुधवार की सुबह खेत की ओर गए इसरार अहमद (60) को बाइक सवार पुरैना गांव निवासी फिरोज अहमद (18) ने चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान इसरार की मौत हो गई। जबकि फिरोज का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष गोपाल स्वरूप बाजपेयी का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर तहरीर मिली तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।