विजय कुमार राय (फाइल फोटो )
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। डीएफओ कार्यालय में बैठक में शामिल होने आए इटवा के वन क्षेत्राधिकारी(रेंजर) विजय कुमार (59) तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार रात मौत हो गई। वे मूल रूप से गाजीपुर के निवासी थे। निधन की खबर से वन विभाग के कर्मचारियों में शोक छा गया है। मंगलवार को शोकसभा कर कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
दरअसल, सोमवार शाम करीब चार बजे डीएफओ कार्यालय में हो रही बैठक के बीच में वन क्षेत्राधिकारी विजय कुमार राय ने सीने में तेज दर्द की जानकारी दी। साथी उन्हें जिला अस्पताल ले गए। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एंबुलेंस से उन्हें गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में तबीयत फिर बिगड़ गई तो धानी पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विजय कुमार राय मूल रूप से गाजीपुर के सुहवल थाना अंतर्गत गौरा गांव के निवासी थे। परिवार में पत्नी आशा राय के अलावा तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। पुत्र अविनाश राय उर्फ बंटी बीएचयू में सेवारत हैं। सूचना मिलते ही परिवार के लोग सिद्धार्थनगर पहुंचे और शव ले गए। मंगलवार को गाजीपुर में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं डीएफओ बीके मिश्र की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित कर गतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान एसडीओ आलोक सक्सेना, प्रशासनिक अधिकारी भूपेश शुक्ला, हरेंद्र श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, मंतराम, सत्येंद्र सिंह, सुभाष चंद्र त्रिपाठी, रामप्रताप शुक्ला, अवधेश गुप्ता, रिजवान, शैलेंद्र आदि मौजूद रहे।