बांसी कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार शातिर अपराधियों को सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि एक अपराधी भागने में सफल रहा। बांसी कोतवाली में सोमवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए सीओ नईम खान मंसूरी ने बताया कि रविवार शाम कोतवाल बांसी रविन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय सिंह, डिड़ई चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह, स्वॉट टीम प्रभारी पंकज शाही, उपनिरीक्षक रविकांत मणि त्रिपाठी आदि की टीम ने दबिश के दौरान डायट स्कूल के निकट फैयाज पुत्र कयूम ग्राम गंगवल, सिराजुद्दीन पुत्र अतीकुर्रहमान ग्राम परसा, जावेद पुत्र मोहम्मद ताहिर ग्राम मझौआ, बशीर पुत्र इस्लाम ग्राम गंगवल सभी थाना इटवा के निवासी को गिरफ्तार कर कोतवाली लाया गया, जबकि इनका एक साथी अख्तर अली पुत्र हबीबुल्लाह ग्राम परसा थाना इटवा पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया। बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों अपराधियों के पास से एक मोबाइल, 8125 रुपये नकद, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, व तीन मोटर साइकिल बरामद किया गया है। अपराधियों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया की डिडई चौकी के मसीना खास गांव के पास लगभग एक सप्ताह पूर्व वहीदउल्लाह पुत्र हफीजुल्लाह निवासी ग्राम बढ़या लाला थाना सोनहा जनपद बस्ती के साथ 30 हजार रुपये व एक मोबाइल तथा पथरा व गोल्हौरा थाना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार सभी अपराधियों को सोमवार को जेल भेज दिया है।