डीआईजी ने पुलिस लाइंस व उस्का थाने का निरीक्षण किया
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। डीआईजी बस्ती आशुतोष कुमार ने मंगलवार शाम पुलिस लाइंस व उस्का थाने के औचक निरीक्षण किया। थाने में उन्होंने असलहों के नियमित सफाई और रजिस्टर के रख-रखाव का निर्देश दिया।
डीआईजी मंगलवार शाम सबसे पहले पुलिस लाइंस पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस लाइन में स्थित बैरक, आवासीय परिसर, ग्राउंड, तालाब व क्राइम ब्रांच की नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। यहां सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रभारी आरआई को निर्देश दिया। इसके बाद वे उस्का थाने पहुंचे। यहां संपूर्ण समाधान रजिस्टर, मालखाना एवं थाना परिसर का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में खड़े दाखिल वाहनों का नीलामी, निस्तारण करने एवं रजिस्टरों में प्रविष्ठियां पूर्ण करने एवं असलहों की नियमित साफ-सफाई करने का थानाध्यक्ष निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह, एएसपी मुन्ना लाल सिंह, सीओ सुनील कुमार सिंह, सीओ दिलीप कुमार सिंह, एसओ अनिल प्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।