मिश्रौलिया। थाना क्षेत्र के मऊ उत्तरी गांव में गुरुवार उड़वलिया गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर गए कक्षा नौ के छात्र की सिकरी नाले में डूबने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने मिलकर शव को नाले से निकाला। छात्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के मऊ उत्तरी गांव निवासी पंचदेव अपने परिवार के साथ क्षेत्र के ही उड़वलिया गांव स्थित मलंग बाबा के दर्शन के लिए गए थे। इसी समय पंचदेव का शुभम(16) बगल के सिकरी नाले में नहाने लगा। नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
परिवार वाले जब दर्शन करके बाहर निकले तो उनका बेटा नहीं दिख रहा था। परिवार के लोग आसपास खोजने लगे। किसी ने कहा कि सिकरी नाले से एक बच्चे की लाश निकाली गई है। वहां लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा कि लाश शुभम की है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचदेव के तीन बेटों में शुभम (16) बीच का था। जबकि पहला पुत्र रवि (18) और तीसरा सचिन (12) है। शुभम जवाहर लाल नेहरु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोगवा का कक्षा नौ का छात्र था। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की कोई सूचना नहीं है।