इटवा। बांसी- इटवा मार्ग पर भिलौरी गांव के पास स्थित पुल के पास शुक्रवार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वाहन चला रहे इटवा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख अहमद हुसैन के 22 वर्षीय पुत्र महबूब की मौत गई। वहीं वाहन सवार रिंकू(18) जख्मी हो गया। उसे इटवा सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से गंभीर हालात में घायल को बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
भावपुर मीरा गांव निवासी इटवा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख अहमद हुसैन का 22 वर्षीय पुत्र महबूब अपनी बोलेरो से गांव के रिंकू (18) के साथ शुक्रवार को किसी काम से बांसी गया था। रात करीब 10 बजे लौटते वक्त वे अभी इटवा- बांसी मार्ग पर स्थित भिलौरी गांव के पास पुल के पास पहुंचे थे कि बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जाकर टकरा गई। इस हादसे में महबूब की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रिंकू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। एसओ अंजनी कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मीट का कारोबार करता था महबूब
इटवा। महबूब की मौत की खबर मिलते ही रात में उसके घर पर लोगों की भीड़ लगने लगी। लोगों के मुताबिक महबूब का इटवा में मीट का बड़ा कारोबार है, जिसे वह खुद संभलता था। मौत की सूचना ने परिवार को झकझोकर कर रख दिया। जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।