सिद्धार्थनगर। शिक्षिका अंजली यादव की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। पुलिस का दावा है कि शिक्षिका ने आत्महत्या की थी। आत्महत्या के पीछे जिस शिक्षक से उसका संबंध था और शादी करने का वादा किया था, वह खुद शादीशुदा था। यह जानकारी होने के बाद अंजली ने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर उसेजेल भेज दिया गया है।
पुलिस लाइंस में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी मायाराम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जालौन जिले की निवासी 25 वर्षीय अंजली यादव शिक्षिका थी। वह जिले में मोहाना कस्बे में एक किराए के मकान में रहती थी और बगल के ही गौहनिया प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थी। 21 मई को कमरे में अपने आपको रस्सी से बांध कर जला लिया था। धुआं उठता देख लोगों ने कमरे का ताला तोड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम करवाया गया था। साथ ही घटना का पर्दाफाश करने के लिए स्वाट, सर्विलांस व मोहाना पुलिस की संयुक्त टीम को लगाया गया था।
जांच में पाया गया कि देवरिया जिले के सदर थाना कोतवाली क्षेत्र के चकरवाधुस पनरसही निवासी राजेश यादव जो क्षेत्र के रिसातलपुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। वह शिक्षिका अंजली को बिना शादीशुदा बताते हुए शादी करने की इच्छा व्यक्त की थी। इस बीच मृतका अंजली के परिजनों ने उसकी किसी अन्य से शादी तय कर दी थी। मगर अंजली ने परिजनों से शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी बीच शिक्षक राजेश ने भी खुद को शादीशुदा बता दिया। उधर, शादी टूटी और इधर राजेश द्वारा यह जानकारी देने के बाद क्षुब्ध हो गई और आहत होकर अंजली ने आत्महत्या कर ली। पूरी जांच में शिक्षक से बात होने की पुष्टि हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी।
शनिवार सुबह आरोपी शिक्षक को बर्डपुर कस्बे से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी ब्रह्मा गौंड, थानाध्यक्ष मोहाना अंजनी कुमार राय, एसआई अजय शंकर यादव, रामभवन पासवान, सिपाही दिनेश, दिलीप द्विवेदी, दीपक गोविंद राव, अश्वनी राय, गट्टू पांडेय, अवनीश सिंह आदि शामिल रहे।
सर्विलांस टीम के जरिए मिली सफलता
इस अनसुलझी मौत की गुत्थी को सुलझाने में सर्विलांस टीम का अहम योगदान रहा। हत्या और आत्महत्या में उलझ चुकी पुलिस को रोशनी की किरण सर्विलांस के जरिए फोन नंबर पर हुई वार्ता से मिली। सर्विलांस टीम के आरक्षी दिलीप द्विवेदी के प्रयास से अलसुलझी मौत की गुत्थी सुलझ गई। नहीं तो पुलिस कितनों को संदेह के घेरे में लेकर पूछताछ करती और खुलासा भी कर देती।