हादसे में युवक की मौत, साथी जख्मी
खामपार थानाक्षेत्र के ग्राम छपिया के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। खामपार थानाक्षेत्र के ग्राम छपिया के पास शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य सवार गंभीर रुप से जख्मी हुआ है। भाटपाररानी पीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्राम छपिया निवासी अमन भगत (28) और बुलेट कुशवाहा (30) बाइक से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। गांव पास भाटपाररानी-भिंगारी मार्ग पर स्थित चौराहे के मोड़ पर विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रुप से जख्मी हुए। काफी देर बाद उधर रास्ते से गुजर रहे बीडीसी सदस्य अजय कुशवाहा ने अपनी कार रोककर पुलिस को सूचना दी और घायलों को भाटपाररानी पीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बुलेट कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। अमन भगत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों बाइक सवारों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
बेकाबू कार पलटी, एक घायल
भाटपाररानी। खामपार थानाक्षेत्र के पिपरा बघेल के पास अचानक तीव्र गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार राहुल पटेल 22 पुत्र संतोष पटेल निवासी बनकटा मिश्र घायल हो गए। उनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी में कराया गया।