जोगिया कोतवाली क्षेत्र डड़िया गांव का मामला, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/ जोगिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के डड़िया गांव के तालाब में सोमवार सुबह गांव निवासी ट्रक चालक का शव मिला। मौत डूबने से हुई है या फिर किसी ने हत्या की है। इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डड़िया गांव निवासी नंदलाल (50) मुंबई में रहकर ट्रक चलाते थे। कुछ दिन पूर्व ही वह गांव आए। घर के लोगों के मुताबिक रविवार की शाम को वह घर से निकले थे। मगर घर लौटे नहीं। सोमवार की सुबह गांव के पास तालाब में उतराती हुई उसकी लाश देखी गई। देखते ही देखते गांव के अधिक लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की माने तो शरीर पर जख्म के निशान भी नहीं मिले हैं। जेब से सात हजार रुपये भी मिले हैं। मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह ग्रामीणों में चर्चा का विषय बन हुआ है। मृतक नंदलाल का विवाह नहीं हुआ था। उसके पांच भाई हैं। जिसमें से एक की मौत काफी पहले हो चुकी है।