बांसी/गोल्हौरा। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना सोमवार की रात की है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस को तहरीर दिया है। इस मामला तहसील दिवस में पहुंचने के बाद आनन-फानन में पुलिस ने दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता के पिता ने कहा है कि 15 वर्षीय पुत्री सोमवार की रात्रि में लगभग 12 बजे घर में सो रही थी। उसी दौरान थानाक्षेत्र के ही बनगवा निवासी एक युवक दरवाजे को धक्का देकर खोलकर घर में घुस आया और सो रही उसकी पुत्री के साथ जबरन दुराचार किया। शोर सुनकर वह अन्य परिवार के साथ घर के अंदर पहुंचा और आरोपी युवक को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी उसे लात घूंसा से मारता पीटता भाग गया। शोर सुनकर गांव के काफी लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी युवक को तलाशने लगे। सूचना पर कुछ ही देर में डायल 100 पुलिस भी पहुंच गई। आरोपी युवक जब नहीं मिला तो पुलिस वापस लौट गई। थाने पर पहुंचकर तहरीर देने को कही। मंगलवार को सुबह पिता अपनी पुत्री को लेकर गांव के कई लोगों के साथ थाने पर पहुंचे और उक्त बातों का उल्लेख करते हुए पुलिस को आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने के लिए तहरीर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायन यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, मारपीट सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।