होली से पहले नलकूप विभाग कार्यालय में एक बड़ा हादसा होते होते बचा। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कार्यालय परिसर में आग लग गई। कोई कुछ समझ पाता कि उससे पहले आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया और लपटें बगल में स्थित महिला थानें की ओर बढ़ने लगी। महिला थाना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया और एक बड़ी घटना होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार नलकूप कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मचारी होली से पहले परिसर की साफ-सफाई कर रहे थे। झाड़-झंखाड़ को सफाने के लिए उन्होंने उसमें आग लगा थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज लपटें उठने लगीं।
शुरू में तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन स्थिति बिगड़ते देख उन्हें कोई उपाय नहीं सूझा और भाग खड़े हुए। इस बीच आग फैलने लगी और नलकूप कार्यालय के स्टोर रूम व बगल में मौजूद महिला थानें की ओर बढने लगी।
आग की लपटें देख महिला थाने में मौजूद स्टाफ हरकत में आया और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गया। इस बीच पुलिस के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल फायर स्टेशन को दी जिसके बाद मौके पर आई फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस सबंध में महिला थाना प्रभारी अली हमजा सिद्दीकी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।