हादसे में चचेरे भाइयों की मौत, गांव में कोहराम
गोल्हौरा थानाक्षेत्र के एकडेगवां गांव के थे निवासी
बलरामपुर जिले के गौरा चौकी के पास देर रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोल्हौरा। बलरामपुर जिले के पचपेड़वा रिश्तेदारी जा रहे दो चचेरे भाइयों की रविवार देर रात गौरा पुलिस चौकी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। एकडेंगवा गांव में लाश पहुंची तो कोहराम मच गया। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक साथ युवकों की मौत से गांव में मातम छा गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गोल्हौरा थानाक्षेत्र के एकडेंगवा गांव निवासी अखिलेश (18) और विष्णु (17) चचेरे भाई थे। बताया जा रहा है कि रविवार शाम बाइक से दोनों अपने रिश्तेदार के यहां बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा जा रहे थे। देर रात गौरा पुलिस चौकी जनपद बलरामपुर के पास पहुंचे थे कि पचपेड़वा के पास नहर के पास बाईपास के डिवाइडर से बाइक टकरा गई। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि अखिलेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल अखिलेश को बलरामपुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए पहचान किया और गोल्हौरा थाने के माध्यम से एकडेगंवा गांव उनके परिवार वालों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रात में ही बलरामपुर पहुंच गए और बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले आए। सोमवार सुबह गांव के पास घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।