सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव के पास रविवार को एक कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। पत्नी का डुमरियागंज के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि पति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र के भानपुररानी गांव निवासी जयंत्री गौतम (55) पत्नी रानी (50) के साथ शनिवार को डुमरियागंज थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में एक रिश्तेदार के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार को दिन में करीब 11 बजे दोनों बाइक से वापस घर के लिए निकले थे। जैसे ही गांव से निकल कर डुमरियागंज-चंद्रदीप घाट मार्ग पर पहुंचे ही थे, तभी डुमरियागंज से भड़रिया की ओर जा रही एक कार ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने दोनों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां जयंत्री की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि रानी का इलाज डुमरियागंज में ही चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।