प्रशिक्षु शिक्षकों की काउंसलिंग के दूसरे दिन रविवार को भी बीएसए कार्यालय पर भीड़ लगी रही। रविवार को पुरुष वर्ग के 250 शिक्षकों की काउंसलिंग हुई।
पांच काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होकर प्रशिक्षु शिक्षक दस्तावेजों के सत्यापन के लिए जूझते रहे। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पदों पर नियुक्ति के लिए प्रशिक्षुओं की काउंसलिंग प्रक्रिया शनिवार से शुरू हुई है। पहले दिन कुल 286 महिला व विकलांग अभ्यर्थियों की काउंसलिंग थी।
रविवार को 250 पुरुष शिक्षकों की काउंसलिंग थी। सुबह से ही प्रशिक्षु शिक्षक दस्तावेज लेकर बीएसए कार्यालय पर जमा हो गए थे। काउंटर खुलने के बाद क्रमवार उनके दस्तावेजों का मिलान कराते हुए सत्यापन किया गया। इस दौरान बीएसए अजय कुमार सिंह ने काउंटरों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को पूरी सजगता और पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।