मुंबई से लौटा युवक कोरोना संदिग्ध, हरकत में अधिकारी
रैपिड किट से हुई जांच रिपोर्ट निगेटिव, युवक व घर के सात सदस्य क्वारंटीन
अधिकारियों ने बताया, गुमराह करने को किया गया था मैसेज
अमर उजाला ब्यूरो
परसा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दिन पूर्व मुंबई से लौटे युवक के बारे में जनपद के अधिकारियों के मोबाइल पर एक मैसेज आया कि उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए गए थे लेकिन वह इस बात को छिपा रहा है। मैसेज मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आ गए। तुरंत ही युवक को तुलसियापुर चौराहा स्थित क्वारंटीन हाउस में पहुंचाया गया और रैपिड किट से जांच की गई। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए युवक और उसके परिवार के सदस्यों को जिला अस्पताल में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड भेज दिया। वहां 14 दिन तक सभी के स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला युवक मंगलवार शाम मुंबई से घर लौटा था। बुधवार सुबह जिले के आला अधिकारियों के मोबाइल पर मैसेज आया। पहले तो युवक को उसके घर से लाकर तुलसियापुर क्वारंटीन हाउस में स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद परिवार के अन्य सात सदस्यों को बुलाकर उनका भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी स्वस्थ पाए गए। युवक के हैल्दी कैरियर (ऐसा कोरोना संक्रमित व्यक्ति जो स्वस्थ दिखे और उसमें संक्रमण के लक्षण न दिखे) होने की संभावना पर उसे और परिवार के सभी सदस्यों को जिला अस्पताल स्थित क्वारंटीन हाउस भिजवा दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक उसके साथ गांव के ही दो अन्य लोग भी मुंबई से घर वापस आए हैं। लेकिन गांव वाले इनके बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं। एसडीएम शोहरतगढ़ अनिल कुमार ने बताया कि युवक सहित उसका परिवार पूरी तरह से स्वस्थ हैं। मैसेज गुमराह करने के लिए भेजा गया था, एहतियात के तौर पर युवक सहित परिवार के सात सदस्यों को भी क्वारंटीन कराया गया है।