कोरोना से बचाव का संदेश दे रहे बच्चे
स्वास्थ्य विभाग की पहल, चित्रकारी से बीत रहा वक्त
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कोरोना उपचाराधीन बच्चे आइसोलेशन वार्ड में रहते हुए कोरोना से बचाव का संदेश दे रहे हैं। आसानी से समय व्यतीत हो जाए इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक अच्छी पहल कर कोरोना से बचाव का संदेश देने वाली थीम पर चित्रकारी करने को प्रेरित किया है। नन्हें बच्चे अपने हुनर के जरिए कोरोना से बचाव का संदेश दे रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के कारण जिले में संक्रमित मिले दर्जन भर से अधिक बच्चे एमसीएच विंग जिला अस्पताल में आइसोलेट हैं। इन बच्चों को कोरोना से बचाव करने और दूसरों को प्रेरित करने वाला संदेश चित्रकारी में दिखाने का टॉस्क दिया गया है। इसके लिए उन्हें सफेद कागज के साथ-साथ पेंसिल और स्केच भी दी गई है। यह बच्चे चित्रकारी के जरिए खुद के साथ-साथ अन्य लोगों को भी कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसमें बच्चों के साथ, किशोर व कुछ युवक-युवती चित्रकारी कर जागरूकता फैला रहे हैं। चित्रकारी में बता रहे हैं कि उड़ रहे पक्षी और पिंजरे में बंद इंसान है, सड़के चौराहे और गली-गली सुनसान है। एसीएमओ वेक्टर वार्न डॉ. एके आजाद ने बताया कि बच्चों का आसानी से वक्त बीत जाए, इसकी पहल विभाग ने करते हुए चित्रकारी करने को प्रेरित किया है।