कोरोना के जंग में बचाव के उपाय में उतरीं महिलाएं
एक माह से बना रही मास्क, पीपीई किट, शू-कवर और सैनिटाइजर
अब तक घर बैठे 1449 लोगों को आर्डर पर पहुंचा चुकी हैं भोजन
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने में हर किसी की अलग-अलग भूमिका है पर राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह में शामिल दीदियों की भूमिका दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। लॉकडाउन के बाद से अब तक 1,63,377 मास्क, 4869 पीपीई किट, पांच सौ शू-कवर, 39 ओटी ड्रेस, 950 की संख्या में सैनिटाइजर बना चुकी हैं।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन के प्रभारी उपायुक्त एवं जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के नियंत्रण में स्वयं सहायता समूह की भूमिका अहम हो गई है। प्रतिदिन पूरे जिले में अलग-अलग समूहों में शामिल दीदियां युुद्ध स्तर पर सामग्री तैयार कर रही हैं। इनको प्रोत्साहित करने के लिए हर ब्लॉक पर बिक्री केंद्र भी खोले गए हैं। वहां से सस्ते दर पर सामग्री उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि दीदियों की ओर से अब तक 1449 लोगों को आर्डर पर घर उनके भोजन पहुंचाने का कार्य किया है। इनमें जय प्रेरणा महिला समूह, गुलाब आजीविका, सूरज समूह प्रमिला देवी, गृृहलक्ष्मी अरुणा, अन्नपूर्णा, सुनीता समूह की भूमिका अहम है। मास्क, पीपीई किट, शू-कवर, ओटी ड्रेस एवं सैनिटाइजर बनाने का सिलसिला जारी है।