सिद्धार्थनगर। सहकारिता क्षेत्र को व्यापक बनाने तथा इस देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कड़ी के रूप में विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र में अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया। भाजपा के शासनकाल में सहकारिता आंदोलन को एक नई दिशा और गति मिल रही है।
ये बातें उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) जितेंद्र बहादुर सिंह ने भाजपा कार्यालय पर कमजोर बूथ व सहकारी महासम्मेलन में सहकारी जन प्रतिनिधियों की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रदेश की राजधानी डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में सहकारिता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सहकारिता व गृह मंत्री अमित शाह विभाग में कार्य करने वाले लोगों में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक ओम प्रकाश मौर्य ने कहा सहकारिता में कार्य करने वाले पदाधिकारी अपने-अपने बूथ पर भाजपा को मजबूत करें। जिससे केंद्र में तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार बने। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने कहा कि गैर भाजपा सरकारों में सहकारिता के क्षेत्र में कोई कार्य नहीं हो रहा था, पर भाजपा की सरकार बनने के बाद तेजी से सुधार हुआ है।
इस दौरान चेयरमैन डीसीएफ अजय उपाध्याय, क्षेत्रीय सह संयोजक दिलीप चतुर्वेदी, साधना चौधरी, दीपक मौर्य, फतेबहादुर सिंह, आशीष शुक्ला, महेंद्र लोधी आदि उपस्थित थे। संचालन सह संयोजक फूलचंद जायसवाल ने किया।
शाखाओं को संचालित करने की मांग
उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह को जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने जिले से संबंधित मांगपत्र सौंपा। जिसमें जनपद में बंद पड़ी 10 शाखाओं को संचालित कराने, जिला सहकारी बैंक को विविधीकरण ऋण वितरण पर भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से लगाए गए प्रतिबंध को हटाने के लिए पहल करने, छह शाखाओं में मात्र आठ कर्मचारी होने के मद्देनजर कर्मियों की भर्ती कराने, बैंक संचालन के लिए अतिरिक्त पैकेज देने की मांग की गई।