पोषाहार वितरण में अनुबंध का उल्लंघन कर रहा ठेकेदार
पोषाहार के पैकेट कम होने की डीएम से शिकायत
जांच के लिए सीडीओ व डीपीओ को दिया निर्देश
अमर उजला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार पहुंचाने के लिए अनुबंध करने वाली संस्था के जिम्मेदारों की ओर से घोर लापरवाही बरती जा रही है। केंद्रों पर पोषाहार न पहुंचाकर भारी गोलमाल किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। कहीं पोषाहार कम दिया जा रहा है, कहीं खुद से फर्जी हस्ताक्षर कर दिए जाने का मामला देखा जा रहा है। इस प्रकरण में हुई शिकायत को गंभीरता से लेते जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
जनपद के 3112 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार आपूर्ति के लिए बरेली की एक संस्था से अनुबंध हुआ है। उसके द्वारा केंद्रों तक पोषाहार पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित संस्था के प्रतिनिधियों व बाल विकास परियोजना अधिकारियों की मिली भगत से पोषाहार के वितरण में खेल किया जा रहा है। पोषाहार केंद्रों तक नहीं पहुंचाया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा किसी-किसी ब्लॉकों में मनमाने ढंग से कार्यकत्रियों का पूरा पोषाहार ही हड़प लिया जाता है। खुद से फर्जी हस्ताक्षर कर दिया जाता है। पोषाहार ढुलाई वितरित करने का नियम हैं, पर सीडीपीओ की मिलीभगत से 15-20 दिन तक बांटते हैं। उपरोक्त आरोपों के संबंध में आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की प्रदेश मंत्री व जिलाध्यक्ष प्रभावती देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है।