सिलिंडर नहीं मिलने पर सड़क जाम करते उपभोक्ता।
भटनी। क्षेत्र में गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी सड़क जाम कर हंगामा किया। हालांकि मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और एसओ ने अपनी मौजूदगी में गैस वितरण कराया। साथ ही वितरण व्यवस्था के बाद नायब तहसीलदार एजेंसी पहुंच देर शाम तक पूर्व में हुई वितरण व्यवस्था की जांच की और बैकलाॅग बुकिंग सिलिंडर वितरण की तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
भटनी में बिना गैस सिलिंडर मिले डिलीवरी का मैसेज आने और कालाबाजारी को लेकर लगातार उपभोक्ता सड़क जाम कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एजेंसी मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। साथ ही लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए गैस सिलिंडर वितरण व्यवस्था सलेमपुर तहसील प्रशासन की मौजूदगी में कराने के निर्देश दिए गए है। इसी क्रम में शुक्रवार को नायब तहसीलदार हरि प्रसाद गैस गोदाम पहुंचे अभी वह एजेंसी कर्मियों के साथ वितरण व्यवस्था की समीक्षा ही कर रहे थे कि भोर से कतार में खड़े लोगों ने नाराज होकर सड़क जाम कर दिया। नायब तहसीलदार और एसओ मृत्युंजय राय मौके पर पहुंचे और लोगों की नाराजगी को देखते हुए ट्रक से वितरण व्यवस्था शुरू करा दी। साथ ही नगर के दो मोहल्लों में होम डिलीवरी के लिए गाड़ी भेजवाया। करीब 3 बजे तक वितरण कराने के बाद नायब तहसीलदार गोदाम से एजेंसी पहुंचे, जहां देर शाम तक पूर्व में वितरण हुई गैस सिलिंडरों की संख्या और स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया। साथ ही बैकलाग बुकिंग गैस सिलिंडर भिजवाने की तैयारियों का जायजा लिया। नायब तहसीलदार हरि प्रसाद ने बताया कि गैस सिलिंडर वितरण में लापरवाही के वजह से उपभोक्ता लगातार परेशान है। डीएम के निर्देश पर वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। शनिवार से बैकलाग बुकिंग सिलिंडर उपभोक्ताओं के घर भेजने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही समस्या समाधान करा दिया जाएगा।