पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से नकाही-बैलिहवा संपर्क मार्ग पर नकाही गांव के पास अधूरी बनी सड़क का निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो गया है। इस सड़क के निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
करीब तीन वर्ष पहले इस मार्ग के पांच किलोमीटर निर्माण कार्य के दौरान नकाही गांव के पास सड़क अधूरी छोड़ दी गई थी। इसके कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा को अवगत कराया। अमर उजाला अखबार ने इस समस्या को 4 फरवरी 2026 के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद विधायक विनय वर्मा के प्रयासों से नकाही सरहद से लेकर इमिल डीह सरहद, मतन निषाद के घर तक डेढ़ किलोमीटर अधूरी पक्की सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। मतन निषाद, विश्राम, भगवानदास, पुनवासी, अजय कुमार, शिवरतन और संदीप ने विधायक विनय वर्मा एवं अमर उजाला अखबार की सराहना की और कहा कि सड़क निर्माण से आने-जाने की सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।