सिद्धार्थनगर। नगर के आजाद नगर मोहल्ले और सरकारी आवास के पास होने वाले जलभराव से जल्द ही निजात मिलेगी। बारिश में यह मोहल्ले डूबने से नहीं बचेंगे और घर में घुसने वाले पानी से मुक्ति मिलेगी। सरकारी मोहल्ले से निकलकर डीएम आवास के पीछे से आने वाली सड़क के एक तरफ से नाला निर्माण शुरू हुआ है, जिसे हाईवे के नाले के पास मिलाया जाएगा। यह नाला कनेक्ट होने से बड़ी आबादी की लंबे समय से उत्पन्न जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी।
नगर पालिका सिद्धार्थनगर के आजाद नगर मोहल्ले के दायरा बड़ा है। एक बड़ा हिस्सा सरकारी आवास के पास तक है। मोहल्ले में जल निकासी की पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण बड़ी आबादी प्रभावित था। सामान्य दिनों में समस्या तो बनी ही रहती थी, लेकिन बारिश के सीजन में हालात और बेकाबू हो जाता था। क्योंकि, मोहल्ले के पानी के अलावा बारिश का पानी कई दिनों तक बना रहता था। इससे लोगों की समस्या लगभग तीन से चार माह तक बनी रहती थी।
नगर पालिका की ओर से नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें 14 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ बजट मिला टेंडर की प्रक्रिया पूरी हुई और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह नाली सरकारी आवास के पीछे से निकलने वाली सड़क से सटकर बनाया जा रहा है जो हाईवे के नाले के पास लाया जाएगा। माना जा रहा है कि इसके बन जाने से बड़ी आबादी की लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी। मोहल्ले के करीम, सैफ, रिजवान, आतिफ आदि ने बताया कि नाली न होने के कारण जलनिकासी का संकट था। बारिश के समय में परेशानी और बढ़ जाती थी। नाली का निर्माण शुरू हुआ है, आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद है।
इस संबंध में ईओ नगर पालिका सिद्धार्थनगर अजय कुमार सिंह ने बताया कि नाली का निर्माण करवाया जा रहा है। इससे जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी।