शहर के रेलवे स्टेशन मार्ग पर लगा जाम।
सिद्धार्थनगर। वर्तमान में शहर में घुसने वाले हर रास्ते पर रुकावटें हैं। कहीं क्षतिग्रस्त तो कहीं निर्माणाधीन सड़क आवागमन में बाधा बन रही है। एक तरफ से एनएच बाईपास से लंबी दूरी तय कर शहर में घुस सकते हैं लेकिन जल्दबाजी में मुख्य मार्ग से आए तो रेलवे क्राॅसिंग पर जाम में फंसना तय है। ऐसे में अगर शहर से बाहर निकलना है या बाहर से आना है तो आपको आधा घंटा पहले घर से चलना होगा। पकड़ी चौराहा निवासी मनोज रविवार को बाइक से स्टेशन पर बाहर से आए रिश्तेदार को रिसीव करने आए थे, लेकिन वह सिद्धार्थ तिराहे के पास रेलवे क्राॅसिंग में आधा घंटे तक जाम में फंसे रहे। जिससे उनके रिश्तेदार भी स्टेशन पर अटके रहे। वहीं सनई चौराहा निवासी राजेश शहर में एक मित्र से मिलने की जल्दी में खजुरिया मार्ग से आने लगे तो सड़क में पसरे कीचड़ व गड्ढों से जूझते हुए चौराहे पर पहुंचे। यहां दोबारा इस मार्ग से लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। रविवार काे भी जो लोग एनएच बाईपास से बाजार एवं स्टेशन की तरफ आए उन्हें सांसत नहीं झेलनी पड़ी। वहीं निर्माणाधीन अशोक मार्ग से गुजरने के दौरान भी वाहनों की रफ्तार धीमी रखनी पड़ी।
निर्माण का इंतजार, खजुरिया मार्ग पर हो रही दुश्वारियां : शहर के खजुरिया मार्ग के चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे से डेढ़ माह पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। पहले से क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों में लोगों के घर और दुकानों का गंदा पानी पसरा हुआ है।