डुमरियागंज में निजी बस में खड़े होकर यात्रा करते यात्री।
सिद्धार्थनगर। निजी के बसों को नियम को तार पर रखकर दौड़ाया जा रहा है। क्षमता से अधिक सवारी और एक ही चालक से लंबे रूट का संचालन और नशे में होकर गाड़ी चलाने से हादसे हो रहे हैं। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के चरिगहवा नदी के पास हुए बस हादसे में चालक के ओवर स्पीड होने और नशे की हालत में बस चलाने का लोगों ने आरोप लगाया है। अप्रशिक्षित और नशे की हालत में चलने वाले इन चालकों की जांच और कार्रवाई को लेकर विभागीय जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। हादसा होने या फिर शासन से फरमान आने के बाद जांच शुरू होती है तो बिना कागजात और नियम विरुद्ध वाहनों के संचालित होने की पोल खुलती है। एआरटीओ कार्यालय से जुड़े आकड़े के मुताबिक जिले में सवारी में चलने वाले 150 बस का रजिस्ट्रेशन एआरटीओ कार्यालय में है। लेकिन बसों की संचालन की बात करें तो इससे अधिक संचालित हो रहे हैं।
इसमें लोकल रूट के अलावा, दिल्ली, लखनऊ, कानपुर और मुंबई के लिए चल रही हैं। इसमें बांसी, इटवा, डुमरियागंज और बढ़नी मुख्य केंद्र है। यहां से बड़ी संख्या में बसों को संचालन होता है। बसों की बुकिंग भी की जाती है, जो मांगलिक कार्य में जाते हैं। बसों की संचालन में मानक का कितना पालन हो रहा है। इसकी जानकारी के लिए रविवार को बढ़नी, डुमरियागंज, इटवा और बांसी से संचालित होने वाले बसों की हालत देखी गई तो कहीं सीट के हिसाब से सवारी मिले तो कहीं सीट से अधिक सवारी चढ़े हुए मिले। सुविधाओं की बात करें तो सीट जर्जर और सेफ्टी बाक्स और फायर सिलिंडर नहीं दिखे। बांसी से लखनऊ जाने वाले ओमप्रकाश ने कहा कि समय से पहुंचा देती है। इंतजार नहीं करना पड़ता है, इसलिए प्राइवेट से यात्रा करते हैंं।