श्याम सुंदर तिवारी
सिद्धार्थनगर। धर्म परिवर्तन कराने से लेकर विदेशी फंडिंग के मामले में दबोचे गए जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की गिरफ्तार के बाद जांच एजेंसियों के हाथ कागजात टटोलने और बाबा के मुंह खोलने के बाद रोज अहम जानकारियां मिल रही हैं। इसके सहारे वह तह तक जाने में जुटी हैं।
छांगुर के नेपाल कनेक्शन पर सुरक्षा एजेंसियाें की विशेष नजर है। न सिर्फ सिद्धार्थनगर के बढ़नी बाॅर्डर तक उसकी पैठ के बारे में जानकारी ली जा रही है, बल्कि उसके नेपाल कनेक्शन को ढूंढा जा रहा है। क्योंकि, विदेशी फंडिंग का असली खेल नेपाल में बैठकर अंजाम दिए जाने की सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जाहिर की है।
सूत्रों की मानें तो नेपाल में कुछ सालों में मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य देश विरोधी गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसी के रडार पर चार से पांच संदिग्धों के बारे में जानकारी ली जा रही है। भारतीय जांच एजेंसी ने नेपाल की सुरक्षा एजेंसी से संपर्क करके उनकी गतिविधि और कुंडली के बारे में जानकारी मांगी है।
उन्हें आशंका है कि छांगुर से संदिग्धों के कनेक्शन हो सकते हैं। सीमावर्ती इलाके के अलावा नेपाल में भी सुरक्षा एजेंसी से जुड़े लोग इसके बारे में गहन जांच कर रहे हैं, जिसमें संदिग्ध को ट्रेस किया जा रहा है। फिलहाल हाईप्रोफाइल इस मामले में कई स्तर से समीक्षा हो रही है, ऐसा सूत्र बता रहे हैं। संवाद
यूपी और बिहार के संदिग्धों से कनेक्शन की आशंका: सूत्रों की मानें तो आसान से दिखने वाले जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की जड़ें गहरी थीं। एजेंसियों को आशंका है कि इस मुहिम में वह लंबे समय से लगा हुआ था, तभी इतना बढ़ा साम्राज्य और संपत्ति अर्जित कर ली। यहां तक पहुंचने में वह अकेले न तो सफर तय कर सकता है और न ही इतना बड़ा नेटवर्क बना सकता है। ऐसे में उसके लिए सबसे सुरक्षित और माकूल ठिकाना नेपाल था, जहां आना- जाना बहुत ही आसान है। साथ ही टिकने और ठहरने के अनगिनत अड्डे। इसके साथ ही देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों की शरण, जहां कोई टोका-टोकी, जांच पड़ताल नहीं। इसलिए नेपाल में उसके मूवमेंट, उसके लोग और विदेश की यात्रा करने में माहिर, फंडिंग से आए रुपये को कैसे और किस प्रकार से ठिकाने लगाया जाए। इसमें महारथ प्राप्त गुर्गे। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियोंं का पूरा फोकस नेपाल पर टिका है। सूत्रों की मानें तो बढ़नी से लेकर अंदर तक उससे मिलने- जुलने वालों के बारे में जानकारी ली जा रही है। संवाद