इटवा कस्बा के बुशरा पाली क्लीनिक पर हुई युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस टीम ने पिता और दो नाबालिग पुत्रों को किया गिरफ्तार, सर्जिकल ब्लेड बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। इटवा कस्बे के बुशरा पाली क्लीनिक पर आठ जुलाई की रात हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पिता और दो नाबालिग पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार सर्जिकल ब्लेड भी बरामद कर लिया। हत्यारोपी का कहना था कि मृत युवक का उसकी बेटी से संबंध था, जो उसे भगाने की फिराक में था। मना करने पर नहीं माना, इसलिए पहले उसके भोजन में नींद को गोली डाली, जब सो गया तो बेटों के साथ मिलकर गला काट उसकी हत्या कर दी। कंपाउंडर के मोबाइल का लॉक खुलने पर हत्या का सुराग लगा और एक माह 22 दिन बाद पुलिस को हत्या का खुलासा करने में कामयाबी मिली।
इटवा कस्बा में डुमरियागंज मार्ग पर स्थित डॉ. नावेद के बुशरा पाली क्लीनिक पर कार्य कर रहे वसीउल्लाह पुत्र अजीमुल्लाह की आठ जुलाई की रात में गला रेतकर हत्या हो गई थी। उसका शव क्लीनिक में ही पाया गया था। वह संतकबीर नगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के बन्नी गांव का निवासी था। नौ जुलाई सुबह को इसकी सूचना डॉ. नावेद ने पुलिस को दी। अज्ञात पर केस दर्जकर मामले की इटवा, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम छानबीन कर रही थी। इटवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, एसओजी प्रभारी शेषनाथ यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए बुधवार को इटवा कस्बा से एक आरोपी और उसके दो नाबालिग पुत्रों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सर्जिकल ब्लेड व एक मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय व बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया।
-
बेटी को भगाने की फिराक में था, इसलिए काट दिया गला
मृतक वसीउल्लाह पाली क्लीनिक के बगल में स्थित हत्यारोपी के घर से प्रतिदिन शाम को खाने का टिफिन आता था। मृतक इसके बदले में हत्यारोपी को एक हजार रुपये प्रति माह देता था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृत युवक का उसकी पुत्री से प्रेम संबंध था और वह उसकी पुत्री को व्हाट्सएप पर चैट करता था तथा अपने पास बुलाता था। जानकारी होने पर आरोपी को काफी समझाया गया, लेकिन वह नहीं माना और उसकी पुत्री को लेकर भागने की फिराक में था। जिस कारण उसने दो नाबालिग पुत्रो के साथ मिलकर आठ जुलाई की रात भोजन में नींद की गोली मिलाकर टिफिन भेजा था। जिसके वह दोनों पुत्रों के साथ क्लीनिक में जाकर सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर वसीउल्लाह को मार डाला था।
पुलिस जांच से संतुष्ट है मृतक का पिता
मृतक वसीउल्लाह के पिता अजीमुल्लाह का कहना है कि वह पुलिस की जांच एवं प्रक्रिया से संतुष्ट है। पुलिस मामले की जांच में उससे जो सहयोग मांगा, वह उसने किया है। अब वह आरोपियों को दंड दिलाने के लिए कोर्ट में भी पैरवी करेगा।
मोबाइल फोन से हुआ खुलासा
एसपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक के मोबाइल से मामले का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस इसे खुलवाने के लिए अहमदाबाद भी गई थी। इसके खुलने के बाद ही मृतक के अवैध संबंध का खुलासा हुआ था।