-भनवापुर में पीएम आवास योजना के सर्वे में लगे 38 सर्वेयर, 28 फरवरी तक करेंगे पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों के सर्वे का शुभारंभ बुधवार को किया गया। बीडीओ भनवापुर आलोक दत्त उपाध्याय ने क्षेत्र के हटवा में पहुंचकर सर्वे का शुभारंभ किया। इस दौरान बीडीओ ने बताया कि ब्लाॅक क्षेत्र में पीएम आवास के लिए लगे सर्वेयर समय से सर्वे का कार्य पूरा करें, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से दिया जा सके।
आलोक दत्त उपाध्याय ने बताया कि ब्लाॅक क्षेत्र में पीएम आवास के लिए 38 सर्वेयर को लगाया है। एक सर्वेयर को अधिकतम तीन ग्राम पंचायतों का सर्वे करना है। सर्वे के लिए सर्वेयर के रूप में एडीओ पंचायत, सचिव, अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण, कृषि विभाग प्राविधिक सहायक, नलकूप चालक, लेखपाल आदि को लगाया गया है। सभी सर्वेयर को 28 फरवरी 2025 तक कार्य पूरा कर रिपोर्ट देने का निर्देश है। सर्वे के दौरान निर्धारित पात्रता श्रेणी का विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया गया है।
भनवापुर के हटवा में सर्वे अभियान के दौरान एडीओ पंचायत संजय पटेल, सचिव हरीराम चौधरी, प्रधान चंद्रभान चौधरी आदि मौजूद रहे।