ट्विटर अकाउंट पर भी अब कर सकेंगे शिकायतें, जल्द होगी सुनवाई
अब तक 37 विभागों के बनाए गए ट्विटर अकाउंट, प्राथमिकता पर निदान होंगी मिलने वाली शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लिखित, ई-मेल और व्हाट्सएप पर शिकायतें होती आ रही हैं इनका निस्तारण भी किया जा रहा है। अब जिला प्रशासन ने सरकारी विभाग से जुड़ीं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए ट्विटर अकाउंट जारी किया है। इसके माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निदान किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, जनसमस्याओं से जुड़ीं समस्याओं, विभागों में व्यक्तिगत परेशानियों का निदान न पाने वालों के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन की ओर से जनसुनवाई के साथ ही अफसरों के व्हाट्सएप, ई-मेल और फेसबुक आईडी पर इनबॉक्स पर शिकायतों के अलावा अब हर विभाग के ट्विटर अकाउंट पर भी शिकायतों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद डिजिटल इंडिया को बढ़ावा मिला है। हाईटेक जमाने के साथ जिले के प्रशासनिक अमला ने भी कदम बढ़ाया है। जिन विभागों अथवा अफसरों के पद नाम से ट्विटर बनाए जा चुके हैं, उनमें डीएम, एसपी, सीडीओ, एडीएम, सीएमओ, बीएसए, समाज कल्याण अधिकारी, एआरटीओ, कृषि विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, डीपीआरओ, जिला निर्वाचन कार्यालय, अधिशासी अभियंता जल निगम, मनरेगा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रमुख रूप से शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि जिले में अब तक 37 विभागों के ट्विटर अकाउंट बनवाए जा चुके हैं। शेष बनाने के लिए विभागाध्यक्षों को हिदायत दी गई है।