- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे सभी एक्स-रे मशीनों की जाएगी जांच
- खराब एक्स-रे की जगह पर लगेंगी नई डिजिटल मशीन, मरीजों को जांच में मिलेगी सहूलियत
- बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करने के लिए प्रक्रिया हुई तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है जो अस्पताल में जांच करेगी। वहां की सुविधाओं को देखेगी। जो खामियां होंगी, उसे पूरा किया जाएगा। विशेष करके एक्स-रे मशीन पर जोर दी जा रही है ताकि हड्डी टूटने के मामले में मरीजों की सही जांच हो सके। इसके लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई जाएगी। जिले में सात मशीनें आ भी चुकी हैं, जिन्हें जल्द ही आवंटित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के करीब उपलब्ध कराने के लिए ब्लॉक मुख्यालय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया गया है। ताकि मरीज अपना इलाज आसानी से करा सकें, लेकिन अस्पताल में संसाधन के अभाव के कारण और मशीनों में गडबड़ी होने के कारण सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसमें सबसे अहम एक्स-रे जांच है।
पुरानी मशीनें होने के कारण कहीं जांच नहीं हो पाती है तो कहीं मशीन चलती ही नहीं। इसके अलावा अन्य संसाधन की कमी है। अस्पताल में खामियों को देखने और संसाधन मुहैया कराने के लिए जांच टीम बनाई गई है। वह जांच करके रिपोर्ट देगी। इसके बाद संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने बताया कि अस्पतालों में संसाधन मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच कराई जा रही है जो संसाधन नहीं होगा, उसका डिमांड किया जाएगा। मिलते ही लगवा दिया जाएगा।