शोहरतगढ़। सीएचसी परिसर में दवाओं को जलाने संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने मौके का निरीक्षण किया। सोमवार शाम को सीएचसी परिसर में दवाओं के गत्ते व कुछ कागजात जलाए जा रहे थे। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोगों में चर्चा है कि दवाओं को जलाने के साथ कई लाख रुपये के घोटालों के अभिलेख भी जला दिया गया है।
शोहरतगढ़ सीएचसी परिसर में बिना अनुमति के ही सीएचसी प्रशासन ने दवाओं को इकट्ठा कर जला दिया। इसके संबंध में वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लेकर सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने मंगलवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने जलाए गए दवाओं के संबंध सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ कुमार चतुर्वेदी से जानकारी ली। सीएमओ ने कहा कि किस आधार पर दवाओं को जलाया गया है। दवाएं अगर एक्सपायर हो गईं थीं तो इसका डाटा किसको उपलब्ध करवाया गया है।
सीएमओ ने अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। चर्चा है कि पूर्व में फर्जी बिल बाउचर लगा कर अस्पताल के एक कर्मचारी के मिली भगत से दवा खरीद में घोटाला किया है। इसका सबूत मिटाने के लिए दवाओं को जलाने के साथ ही उस अभिलेख को नष्ट कर दिया गया। सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने बताया कि कोई दवा नहीं जली है, ग्लब्स के खाली गत्ते व कूड़ा जलाकर नष्ट किए जाने की बात सामने आई है। सीएचसी अधीक्षक को नियमानुसार कूड़ा निस्तारित करने का निर्देश दिया है।