छाए रहे बादल, रिमझिम फुहारों से सुहाना हुआ मौसम
-2-3 दिन रहेंगे बादल बारिश का मौसम, झारखंड के ऊपर बना है चक्रवाती परिसंचरण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बादल छाने और रिमझिकम बारिश में शुक्रवार को मौसम सुहाना हो गया। शहर में सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर दो बजे घने बादल छाए और रिमझिम फुहारें पड़ीं। मौसम में हुए इस बदलाव के कारण लोगों को खुशनुमा अहसास हुआ, क्योंकि दो दिन पहले तक लोग उमसभरी गर्मी से परेशान थे।
गर्मी की बजाय रिमझिम फुहारें पड़ीं तो कुछ लोग भीगते हुए नजर आए। बारिश धीमी थी, इसलिए पूरी तरह भीगने में अधिक समय लगा। फुहार बंद हुई तो मौसम नम हो गया। मौसम अच्छा हुआ तो बाजारों में रौनक भी बढ़ गई। इटवा सहित अन्य क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो-तीन दिन जिले में बारिश का पूर्वानुमान है। लोटन क्षेत्र के भागीरथी ने कहा कि बादल देखकर लोग कह रहे हैं कि मौसम अच्छा है, लेकिन फसलों को अच्छी बारिश की जरूरत है। क्योंकि खेतों में नमी सूख गई है और थोड़ी भी धूप में फसल मुरझा जा रही है।
जिले में शुक्रवार को सोहना में 4.5 एवं शहर में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि शाम बादल देखकर ऐसा लगा कि जैसे कि बारिश होने वाली है। वहीं अधिकतम तापमान 25.6 एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम हुआ और आद्ररता 86 प्रतिशत है। इस कारण मौसम नम हो गया।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव से क्षेत्र का प्रभाव कमजोर हो गया है। हालांकि, झारखंड के ऊपर ही चक्रवाती परिसंचरण बन गया है। इसके प्रभाव से दो-तीन दिन बारिश का मौसम बना रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।