संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। व्यापारियों की मांग और विधायक जय प्रताप सिंह की पहल पर रविवार को एनएच-28 रोडवेज चौराहा पर ह्यूम पाइप से बने क्राॅस नाले की सफाई ड्रिलिंग मशीन से की गई।
बताते चलें कि बीते दिनों हुई बारिश से दो बार कोतवाली रोड पर जलभराव हो गया था। इससे दुकानों में भी पानी भर गया था। जलभराव से दुकानदारों का काफी नुकसान हुआ था।
ह्यूम पाइप नाले की सफाई होने से जलभराव की समस्या से कुछ राहत तो मिलेगी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। दुकानदारों का कहना है कि इस नाले का बेड लेबल सही नहीं है। जब तक इसे तोड़कर आरसीसी नाला नहीं बनाया जाएगा, तब तक समस्या का समाधान नहीं होगा।
बताते चलें कि पहली बार बारिश होने पर कोतवाली रोड पर जलभराव हो गया था। इसके लिए नगर पालिका और प्रशासन ने काफी जतन किए कि दोबारा जलभराव न हो, लेकिन वह नाकाम रहे। दोबारा बारिश होने पर जलभराव हो गया। इससे यहां के व्यापारी काफी परेशान हुए और अपनी समस्या से क्षेत्रीय विधायक जय प्रताप सिंह को अवगत कराया।
उनके पहुंचने पर लोगों ने बताया कि एनएच को क्राॅस कर जो ह्यूम पाइप का नाला बना है उसकी वर्षों से सफाई नहीं हुई है। इसके साफ होने से समस्या का समाधान हो सकता है। विधायक की पहल पर एनएचआई के सहयोग से नगर पालिका ने अत्याधुनिक मशीन मंगवाकर नाले को साफ कराया, जिसमें काफी कूड़ा और सिल्ट निकली।
मौके पर मौजूद व्यापारियों ने कहा कि नाला सफाई से कुछ राहत मिल सकती है। पूरी तरह से समाधान का नहीं हुआ है। इनका कहना है कि ह्यूम पाइप से बने नाले का बेड लेबल सही नहीं है। इस समस्या का समाधान ह्यूम पाइप तोड़कर आरसीसी नाला बनाए जाने पर हो सकता है। इस तरह से भविष्य में जब भी बारिश होगी तो यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा राईनी, प्रतिनिधि मो. इदरीश पटवारी, सभासद अकरम अली पप्पू, अशफाक अहमद, जमील अहमद, अमरेंद्र कुमार, सफाई प्रभारी राजकुमार पांडेय, रामचरण यादव, राजेश वर्मा, प्रमोद अग्रहरी, व्यापारी सरदार स्वर्ण सिंह, नरेश चंदवानी मुन्नू शेख आदि मौजूद रहे।ै