शोहरतगढ़ के वार्ड एक में जाम पड़ी नाली।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। विकास के नाम पर नगर में भले ही लाखों रुपये खर्च कर दिए हो, लेकिन अंबेडकरनगर वार्ड में मुलभूत सुविधाओं की दरकार बनी हुई है। वार्डवासी समस्या से वर्षों से पीड़ित हैं। नगर के जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं पड़ा। सिर्फ आश्वासन की घुट्टियां ही पिलाई जाती रही हैं।
वार्ड नंबर एक अंबेडकरनगर के निवासी विनोद वर्मा ने बताया कि यहां सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे है। पेयजल के लिए मोहल्ले के लोगों को वर्षों बाद भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बोरिंग की टोटी से भी दूषित जल सप्लाई होता है। इस समस्या की ओर जिम्मेदारों ने अब तक ध्यान नहीं दिया। वार्डवासी छांगुर प्रसाद ने बताया कि वार्ड में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से दूषित जल आ रहा है। इससे मोहल्ले के लोग डायरिया आदि जलजनित बीमारी से अक्सर प्रभावित रहते हैं। नालियों की सफाई न होने से लोगों को दुर्गंध के बीच जीवनयापन करना मजबूरी बना हुआ है।
वार्डवासी जुगुलमती ने बताया कि मोहल्ले में मुलभूत सुविधाओं का अभाव है। विकास के नाम पर जिम्मेदारों ने सड़क, नाली का निर्माण करा कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। वार्ड में नियमित सफाई न होने से लोगों को गंदगी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। वार्डवासी सुभागी ने बताया कि इतने साल बाद भी घर के सामने नाली का निर्माण न होने से बरसात के दिनों में गंदा पानी घर में घुस आता है। समस्या समाधान के लिए जिम्मेदारों से कई बार कहा गया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। विकास के नाम पर लाखों रुपये जिम्मेदारों ने मोहल्ले में वार्डवासियों के जरुरत को नजरअंदाज कर खर्च किया। इससे हम स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उधर, सभासद आशीष वर्मा का कहना था कि वार्ड की समस्या का निरंतर निगरानी की जाती है। सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मी की तैनाती है। इसके बावजूद भी वार्डवासियों की समस्या को सुनकर उसका निदान अतिशीघ्र नगर पंचायत प्रशासन से कहकर कराया जाएगा। इस बाबत नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन ने बताया कि नगर के लोगों की समस्या का समाधान कराना पहली प्राथमिकता है। जो भी समस्या वार्ड में है, उसकी जानकारी सभासदों से लेकर जल्द से जल्द निराकरण कराया जाएगा।