त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर बेलवा गांव के पास हुआ हादसा
भनवापुर/बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर बेलवा गांव के पास सोमवार सुबह आठ बजे ट्रक की टक्कर से कक्षा नौ की छात्रा करिश्मा (16) की दर्दनाक मौत हो गई। चालक मौके पर ट्रक छोड़ कर भाग निकला। खलासी को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक व खलासी को थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बेलवा दरिया बक्स गांव निवासी गौतम वरूण की बेटी करिश्मा क्षेत्र के संत मौनी दास इंटर काॅलेज बिशुनपुर हरी में कक्षा नौ की छात्रा है। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी। करिश्मा अपने घर से शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर बिजौरा की तरफ मुड़ी ही थी कि सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करिश्मा ट्रक के टायर के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ भाग निकला। वहीं, ग्रामीणों ने खलासी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची त्रिलोकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाराज ग्रामीणों ने जाम किया शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग
हादसे में करिश्मा की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। वे ट्रक चालक और मालिक को घटनास्थल पर बुलाने तक पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े थे। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय ने परिजन व स्थानीय लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क से बैरेकेटिंग हटा कर रास्ता खोला।