संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध बलरामपुर और श्रावस्ती के लगभग 35 महाविद्यालय नए सत्र से मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय से संचालित किए जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि 17 अप्रैल से होने वाली सम सेमेस्टर की परीक्षा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से कराई जाएगी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय बनने के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय, फैजाबाद विश्वविद्यालय व लखनऊ विश्वविद्यालय से जुड़े संतकबीरनगर, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले केे महाविद्यालयाें को जोड़ दिया गया था। 2017 से ही विश्वविद्यालय का संचालन किया जा रहा है। इससे छह जिले के लगभग 282 महाविद्यालय सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होते हैं, लेकिन मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय के बन जाने से बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के महाविद्यालय उसी के अंतर्गत संचालित होंगे।
इससे सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से लगभग 35 महाविद्यालय के लगभग 40 हजार छात्र-छात्राएं अब मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय से संबद्ध होकर पढ़ेंगे। विश्वविद्यालय संचालित करने की कवायद तेज हो गई है। हाल ही में सम सेमेस्टर की परीक्षा को मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय से संचालित करने को लेकर तैयारी चल रही थी, लेकिन छात्र हित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को नहीं लिया गया।
इससे सम सेमेस्टर की परीक्षा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से ही कराई जाएगी, लेकिन नए सत्र से बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के महाविद्यालय को मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय से जुड़ जाएगा। इससे इनकी परीक्षा को भी वहीं से संचालित की जाएगी।