बालगृह बयारा में लड़कियों से पूछताछ करते एसडीएम व भवानीगंज एसओ।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। ग्राम बयारा स्थित बालगृह आश्रम (बालिका) की एक किशोरी की 10 दिन पहले रहस्यमय परिस्थिति में हुई मौत के मामले की जांच शुरू हो गई है। डीएम के निर्देश पर रविवार को एसडीएम व भवानीगंज एसओ बालगृह आश्रम पहुंचे। आश्रम का प्रबंधक नदारद रहा। एसडीएम ने वहां रह रही लड़कियों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। वार्डेन से भी पूछताछ की। सवालों का समुचित जवाब न मिलने पर एसडीएम ने मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने की हिदायत दी है। चेताया कि अगर हीलाहवाली की गई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
बालिका बालगृह बयारा में रह रही 15 वर्षीय हिना खान की तबीयत 30 नवंबर को खराब हो गई थी। बालगृह प्रबंधक रामपुजारी के मुताबिक तबीयत खराब होने पर हिना को बेंवा सीएचसी ले गए थे, जहां उसकी हालत ज्यादा खराब देख डॉक्टर ने बस्ती रेफर कर दिया था। वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसी दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के करीब 10 दिन बाद प्रबंधक ने शुक्रवार की शाम घटना की सूचना महिला कल्याण विभाग के निदेशक व डीपीओ को मेल के माध्यम से दी। किशोरी की मौत के 10 दिनों बाद भी सक्षम अधिकारियों को सूचित न करने पर हत्या कर लाश गायब करने का शक जताते हुए बयारा निवासी भगवान सिंह ने इसकी शिकायत सीएम से लगायत डीएम तक से की थी। घटना की जांच करने रविवार को बालगृह पहुंचे एसडीएम राजेंद्र प्रसाद और थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने वहां रह रही अन्य पांच लड़कियों की जानकारी अधीक्षिका पुष्पा से की। पुष्पा ने बताया कि 30 नवंबर के पहले हिना को हल्का-फुल्का बुखार था जिस पर वह चौराहे से प्राइवेट दुकान से दवा लाकर उसे खिला रही थी, मगर 30 तारीख को तबीयत अधिक खराब होने पर उसे 108 एंबुलेंस से बेंवा सीएचसी ले जाया गया था। इसके बाद उसे गोरखपुर ले जाना पड़ा, जहां उसकी मौत हो गई।
एसडीएम ने अधीक्षिका पुष्पा से जब प्रबंधक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने प्रबंधक रामपुजारी का मोबाइल नंबर देते हुए बाहर जाने की बात कही। एसडीएम ने भवानीगंज थानाध्यक्ष को जल्द से जल्द पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाने की बात कही। इस संबंध में एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बयारा बालिका गृह में अव्यवस्था की कई घटनाएं उजागर हो चुकी हैं। इसकी जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई थी। हिना की पोस्टर्माटम रिपोर्ट मंगवाई जा रही है, जिसके बाद मौत के रहस्य से पर्दा उठ जाएगा। अगर बालगृह आश्रम की लापरवाही या किसी कर्मचारी की कोई शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।