शटर का ताला तोड़कर दुकान में चोरी
त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के मौलवीगंज का मामला
दो के खिलाफ तहरीर, एक आरोपी हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के मौलवीगंज में स्थित एक किराने की दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान उठा ले गए। दुकान के लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बिस्कोहर नगर पंचायत के मौलवीगंज टोला निवासी शाहिद की किराने की दुकान मेन मार्केट में है। बुधवार रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान के बगल राशिद, कयूम के रेडीमेड कपड़े की दुकान का भी ताला तोड़ने की कोशिश की। चोरी की सूचना दुकान मालिक को सुबह छह बजे तब हुई जब वह दुकान खोलने पहुंचा। सूचना बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि गली के थोड़ा आगे किशोर सोनी की दुकान है जहां, सीसीटीवी कैमरा लगा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पता चला कि रात दो से तीन बजे के बीच दो युवक सामान लादकर ले जा रहे हैं। जब इसकी पहचान दुकान मालिक शाहिद और अन्य लोगों से कराई तो पता चला कि चोरी करने वाला चोर मुख्य बाजार का दिखा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। शाहिद ने आरोपी और एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ त्रिलोकपुर रणधीर मिश्र ने बताया कि जांच की जा रही है।