: बेसिक शिक्षा विभाग का नवाचार सम्मेलन, शैक्षणिक उन्नयन कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव में तीसरे दिन बेसिक शिक्षा विभाग का नवाचार सम्मेलन, शैक्षणिक उन्नयन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निपुण विद्यालय बनाने पर विचार मंथन हुआ।
विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा देने वाले शिक्षकों की कमी थी, लेकिन जब देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो विद्यालयों को मानवीय संसाधन से समृद्ध किया गया। भाजपा सरकार अच्छे शिक्षकों की नियुक्ति करवाकर विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। इससे उनका भविष्य बेहतर बन सकेगा। अभिभावकों ने भी महत्वपूर्ण कार्य किया है कि उन्होंने सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को भेजा है। अभिभावकों को भी बच्चों पर ध्यान देना चाहिए कि वे प्रतिदिन विद्यालय जाएं। प्रत्येक शिक्षक विद्यालयों के बच्चों को निपुण बनाने में अपना योगदान दे रहा है।
डीएम पवन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक का रोल सबसे प्रमुख होता है। एक इंजीनियर पुल बनाएगा तो कुछ नहीं होगा, लेकिन शिक्षक नहीं पढ़ाएंगे तो पूरी पीढ़ी खराब हो जाएगी। बच्चों का स्कूल में सीखना महत्वपूर्ण है। बच्चे एक्टिव टाइम का अधिकांश हिस्सा स्कूल में व्यतीत करते हैं। इसलिए स्कूल में सीखना महत्त्वपूर्ण हैं। जब तक टीचर्स पूरी निष्ठा, मेहनत और ईमानदारी से नहीं लगेंगे तब तक गुणवत्ता नहीं बढ़ सकती। हमको बच्चों को सीखने के तरीके को सहज और सरल बनाना होगा।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, सीडीओ जयेंद्र कुमार, बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय, राधेरमण त्रिपाठी, अभय पांडेय, हरिमोहन सिंह, धर्मेंद्र पाल, विनय कांत मिश्र मौजूद रहे। संचालन नितेश पांडेय ने किया।