सिद्धार्थनगर। अगर पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे का आधार बनवाना है तो उसे बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत होगी। वहीं जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बेहद लंबी प्रक्रिया से गुजरनी होगी। यहां तक कि जनवरी 2024 से 17 अक्तूबर तक जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के 465 आवेदन एसडीएम नौगढ़ के कोर्ट में लंबित है। शहर निवासी संजीत कुमार पांच वर्ष से अधिक उम्र की बिटिया श्रद्धा पासवान का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बीते 20 दिनों में तहसील का कई चक्कर काट चुके हैं।
शहर समेत जिले के अधिकांश सरकारी एवं निजी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के संलग्न करने के लिए उनका आधार कार्ड मांगा जा रहा है। जिन बच्चों का अब तक आधार कार्ड नहीं बना है, उन्हें इसे बनवाने के लिए पहले जन्म प्रमाण पत्र बनवाना पड़ेगा। कारण आधार कार्ड बनवाने के लिए भी जन्म तिथि एवं स्थान के लिए किसी प्रमाण पत्र की जरूरत होती है। इसी के तहत नगर पालिका एवं ग्राम पंचायत में अभिभावक जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। अब जरा एसडीएम कोर्ट में नौगढ़ तहसील के जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों के आवेदनों की स्थिति पर नजर डालें।
अक्तूबर 2023 से शुरू हुई प्रक्रिया के तहत पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए एसडीएम को आवेदन करना होगा। इसके तहत एसडीएम कोर्ट में जनवरी 2024 से 17 अक्तूबर तक 565 लोगों ने जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। वहीं सात लोगों ने मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। अब तक इनमें मात्र 104 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र बन सके है। वहीं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए हुए सात आवेदनों में अब तक सिर्फ तीन लोगों के आवेदन बन सके हैं। इस तरह जन्म प्रमाण के 461 और मृत्यु प्रमाण पत्र के चार समेत 465 आवेदन एसडीएम कोर्ट में लंबित है।
जन्म प्रमाण के लिए ऐसे होता है आवेदन
जन्म से एक माह तक स्थानीय निकाय जन्म प्रमाण पत्र जारी करता है और एक माह से एक वर्ष तक सीएमओ कार्यालय से जारी होता है। वहीं एक वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए एसडीएम कोर्ट में आवेदन करना होता है। इनमें एक से पांच वर्ष तक के लिए सीएमओ से प्रमाणित, नोटरी शपथ पत्र व परिवार के मुखिया का आधार सहित आवेदन होगा। वहीं पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए स्कूल का लेटरपैड, मार्कशीट, सभासद के लेटरपैड पर जन्मतिथि, स्थान और माता-पिता के आधार सहित आवेदन करना होता है।
नगर पालिका ने बनाया 3074 जन्म प्रमाणपत्र
नगर पालिका सिद्धार्थनगर की ओर से जनवरी 2024 से 17 अक्तूबर तक 3074 जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। यह जन्म से एक वर्ष तक के और एक से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए नियमानुसार किए गए आवेदन पर जारी हुए हैं। वहीं नगर पालिका की तरफ से पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के 15 सौ से अधिक आवेदनों के सत्यापन एवं अनुमति के लिए पत्रावली एसडीएम कोर्ट में भेजी गई है। जिसके आवेदक इन पत्रावलियों के निस्तारण की उम्मीद में हैं। वहीं नगर पालिका ने ही 251 लोगों के मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किए हैं।
-
परेशान अभिभावक बोले-
बेटे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए दो माह पहले आवेदन किया था, पत्रावली एसडीएम कोर्ट में पहुंची है, जहां कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक जारी नहीं हो सका।
-सुरेश कुमार, उसका बाजार
जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था, एक माह से एसडीएम कोर्ट में पत्रावली पड़ी हुई है, जिसके लिए कई चक्कर लगाए लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।
-शिवम, रमजान नगर
कोट